लैलूंगा।
रायगढ़ जिले के थाना लैलूंगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम होर्रोगुडा में बीती रात एक गंभीर मारपीट की घटना सामने आई है। कर्ज विवाद को लेकर चार युवकों द्वारा घर में घुसकर हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है, जिसमें एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम घोघरा चौंकी कोतबा के मूल निवासी उमेश यादव, जो वर्तमान में अपने परिवार के साथ ग्राम होर्रोगुडा में निवास करते हैं, ने थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार, दिनांक 30 मार्च 2026 की रात लगभग 10 बजे, जब वह अपने परिवार के साथ भोजन कर सोने जा रहे थे, तभी ब्रेजा कार में सवार चार युवक उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने मनोज यादव की शादी में खर्च किए गए कर्ज की राशि को लेकर विवाद शुरू किया और गाली-गलौज करने लगे।
जब उमेश यादव ने आपसी सहमति से हिसाब-किताब करने की बात कही, तो आरोपियों ने आक्रोशित होकर जान से मारने की धमकी दी और घर में जबरन घुसकर डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान उमेश यादव के सिर पर गंभीर चोट आई, वहीं उनकी पत्नी चमेली यादव एवं साली गुलापी यादव को भी डंडों से मारकर घायल कर दिया गया।
घटना के दौरान पीड़ित परिवार द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें आता देख आरोपी अपनी ब्रेजा कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों में ग्राम डोंगादरहा निवासी मनोज यादव, राजकुमार यादव, डिलेश्वर यादव सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल थे।
घटना के बाद पीड़ितों ने दिनांक 31 मार्च 2026 को थाना लैलूंगा में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।













