
बिलासपुर। थाना रतनपुर पुलिस ने बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक एवं एटीएम में सेंध लगाकर चोरी और चोरी के प्रयास के सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया स्टेबलाइजर, राउटर, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, बैंक की दीवार, एटीएम और लॉकर तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की गैंती व टंगिया बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाकर बैंक के अंदर प्रवेश किया। आरोपियों ने बैंक का राउटर और स्टेबलाइजर चोरी कर लिया तथा एटीएम और लॉकर को तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी 6 जुलाई को बैंक खुलने के बाद बैंक कर्मचारियों को हुई, जिसके बाद शाखा प्रबंधक ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना रतनपुर पुलिस ने जांच शुरू की। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमेष कश्यप उर्फ सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा सेंधमारी में इस्तेमाल गैंती और टंगिया बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
– सुमेष कश्यप उर्फ सोनू (29 वर्ष)
– सूरज कुमार विश्वकर्मा (26 वर्ष)
– नवीन कुमार बैसवाड़े (28 वर्ष)
– खिकराम खैरवार उर्फ विक्की (25 वर्ष)
– प्रकाश यादव उर्फ बौना (19 वर्ष)
सभी आरोपी थाना रतनपुर क्षेत्र के नेवसा और गिधौरी के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे एवं देवानंद चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही










