
लैलूंगा। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक और बड़ी एवं ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख मार्ग कुंजारा–केशला–तोलगे–मिलूपारा होते हुए तमनार तक सड़क निर्माण कार्य के लिए 74 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
इस महत्वपूर्ण सड़क की मांग सबसे पहले 4 अक्टूबर 2024 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लमडांड के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी लैलूंगा मंडल के अध्यक्ष श्री मनोज सतपथी द्वारा सार्वजनिक मंच से स्वागत उद्बोधन के दौरान प्रमुखता से रखी गई थी। श्री सतपथी ने इस मांग को लेकर माननीय जनप्रतिनिधियों को अपने लेटरहेड पर लिखित मांग-पत्र भी सौंपा था।
जनभावनाओं से जुड़ी इस मांग पर छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने उसी कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच से मार्ग निर्माण की घोषणा की थी। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा भी झगरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मंच से इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण की घोषणा की गई थी।
अब इस बहुप्रतीक्षित सड़क के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने से लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह मार्ग क्षेत्र के अनेक गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के साथ-साथ आवागमन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज सतपथी का वर्जन
श्री मनोज सतपथी ने कहा, “यह लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता और जनभावना से जुड़ी मांग थी, जिसे मैंने 4 अक्टूबर 2024 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लमडांड के भूमि पूजन कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच से प्रमुखता से रखा था तथा लिखित रूप से भी मांग-पत्र सौंपा था। मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि माननीय वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी जी ने मंच से इस मांग को स्वीकार करते हुए घोषणा की और बाद में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी ने भी इसकी घोषणा की। आज इस सड़क के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलना क्षेत्र की जनता की जीत है।”
उन्होंने कहा कि “बहुत जल्द लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र को एक खूबसूरत, बेहतर और मजबूत मुख्य सड़क की सौगात मिलेगी। यह सड़क क्षेत्र के विकास की नई राह खोलेगी।”
श्री सतपथी ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, सांसद श्री राधेश्याम राठिया एवं राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित की मांग को प्राथमिकता देकर उसे धरातल पर उतारना क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा—यह केवल सड़क नहीं, बल्कि लैलूंगा विधानसभा के विकास, सुविधा और समृद्धि की नई राह है।

14 सितंबर 2026 रायगढ़







