14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम उम्र की किशोरियों के लिए अभियान, स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील की
रायगढ़, 14 अक्टूबर 2026। जिले में किशोरियों को ग्रीवा कैंसर से बचाव के लिए निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण किया जा रहा है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के तहत बुधवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामभांठा की स्वास्थ्य टीम ने कार्मेल स्कूल, रायगढ़ में टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान 14 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया।
14 से 15 वर्ष से कम उम्र की किशोरियों पर विशेष ध्यान
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप निर्धारित आयु वर्ग की किशोरियों का टीकाकरण किया जा रहा है। इसके तहत 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं करने वाली किशोरियों को टीका लगाया जा रहा है।
एचपीवी संक्रमण ग्रीवा कैंसर का प्रमुख कारण है। समय पर टीकाकरण इस संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और भविष्य में ग्रीवा कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।
शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क टीके की सुविधा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले के शासकीय अस्पतालों और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पात्र किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है। अभिभावक अपनी बेटियों की पात्रता और टीकाकरण की प्रक्रिया की जानकारी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या एएनएम से प्राप्त कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित आयु वर्ग में आने वाली अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में ग्रीवा कैंसर से बचाव में मदद मिल सके।
स्वास्थ्यकर्मियों और विद्यालय स्टाफ की रही सहभागिता
कार्मेल स्कूल में आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. काकोली पटनायक, एमपीएस सुबोध कुमार माझी, एएनएम प्रभा डनसेना और स्टाफ नर्स रणजीत पटेल सहित विद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानुप्रताप पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा और शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम के मार्गदर्शन में जिले में यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य निर्धारित आयु वर्ग की सभी पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित करना है।











