
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देकर लाखों रुपये और सोने के जेवरात हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवती को उसके परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों की हत्या व सड़क दुर्घटना कराने की धमकी देकर करीब 14.50 लाख रुपये नकद व ऑनलाइन तथा करीब 450 ग्राम सोने के जेवरात हड़प लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा जब्त की है। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, राजीव विहार निवासी प्रार्थी ने थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि बीमारी के कारण उन्होंने बैंक संबंधी कार्य और लॉकर की चाबी अपनी पोती को सौंप रखी थी। इसी दौरान जनवरी 2025 से आरोपी आयुष यादव और उसके साथियों ने युवती को लगातार धमकाकर डराया और परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात कहकर बैंक खातों से एटीएम व फोनपे के माध्यम से किश्तों में 14.50 लाख रुपये निकलवा लिए। इसके बाद आर.आर. रिसॉर्ट के पास बुलाकर लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडे शामिल हैं। वहीं प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। चारों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।








