
बिलासपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरगिट्टी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 पाव देशी प्लेन शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 22,840 रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) एवं थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बन्नाक चौक में घेराबंदी कर संदिग्ध को रोका। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल के सामने रखे सफेद रंग के थैले से 35 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई।पूछताछ में आरोपी ने शराब बिक्री के उद्देश्य से ले जाना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी छोटेलाल यादव (45 वर्ष), निवासी आवासपारा, परसदा, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2,840 रुपये मूल्य की शराब तथा 20,000 रुपये कीमत की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 11 AX 8596) जब्त की।आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








