स्वास्थ्य और वित्त मंत्री ने किया प्रतिमा का अनावरण
रायगढ़। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने शुक्रवार को पंजरी प्लांट स्थित सहस्रबाहु चौक में श्री राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मंत्रियों ने समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता, विकास और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।


कलार समाज ने किया भव्य स्वागत
कार्यक्रम में दोनों मंत्रियों का लड्डुओं से तौलकर और पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित प्रतिमा अनावरण एवं सामाजिक सम्मेलन में कलार समाज की ऐतिहासिक विरासत, शिक्षा, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और युवाओं के उत्थान जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
कलार समाज का इतिहास गौरवशाली: स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रायगढ़ के महत्वपूर्ण चौक पर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होना समाज के सम्मान को बढ़ाने वाला कदम है। यह केवल रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के समाजजनों के लिए गौरव का विषय है।

पूर्वजों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे स्वयं कलार समाज से आते हैं और समाज की भावनाओं को समझते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती को सजाने-संवारने और बसाने में कलचुरी वंश के पूर्वजों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज के लोगों को अपने इतिहास को जानने और नई पीढ़ी को गौरवशाली विरासत से परिचित कराने की आवश्यकता है।
सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी होगा समग्र विकास: वित्त मंत्री
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी आने वाली पीढ़ी की प्रगति से होती है। बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा और व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी एक समाज की संपत्ति नहीं होती। सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी छत्तीसगढ़ और देश का समग्र विकास होगा।
युवाओं से विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाने का आह्वान
वित्त मंत्री ने युवाओं से केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहने, बल्कि कृषि, व्यवसाय, कला, संगीत और मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए अभिभावकों से बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
श्री चौधरी ने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को इतना मजबूत बनाया जाना चाहिए कि वे जीवन के किसी भी क्षेत्र में सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें।
मेधावी विद्यार्थियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। वित्त मंत्री ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वेच्छानुदान से 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
प्रतिभाओं को प्रोत्साहन से बढ़ेगा आत्मविश्वास
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे वे भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं।
महापौर बोले- समाज आगे बढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा
नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा का लोकार्पण गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी समाजों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है।
समाज के लिए गौरव का क्षण: प्रदेशाध्यक्ष
कलार समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्री विजय जायसवाल ने कहा कि रायगढ़ की धरती पर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा का अनावरण समाज के लिए खुशी और गौरव का क्षण है। उन्होंने दोनों मंत्रियों सहित सभी अतिथियों और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, अरुणधर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला, श्रीमती सुनीति राठिया, श्री आशीष ताम्रकार, श्री सुभाष पांडे, श्री मुक्तिनाथ बबुआ, श्री पावन अग्रवाल, श्री बलवीर शर्मा, श्रीमती पूनम सोलंकी, श्रीमती मधुलता पटेल, श्री दिवेश सोलंकी, श्री अमित शर्मा, श्रीकांत सोमावार, श्री सुरेश गोयल सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ कलार महासभा की महाध्यक्ष श्रीमती सरोज दुष्यंत डनसेना, जिलाध्यक्ष श्री केशव जायसवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य भी उपस्थित रहे।






