जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में डीएसपी के गनमैन द्वारा अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारने का मामला सामने आया है। गनीमत रही कि गोली जवान के कंधे को छूकर निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद घायल जवान को उपचार के लिए महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पारिवारिक विवाद के चलते उठाया कदम
मिली जानकारी के अनुसार घायल जवान की पहचान विजय जेना के रूप में हुई है। वह जिला बल में पदस्थ है और पिछले कुछ महीनों से डीएसपी के गनमैन के रूप में ड्यूटी कर रहा था। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद पर गोली चला दी।
कंधे में लगी मामूली चोट
गोली जवान के कंधे को छूते हुए निकल गई, जिससे कंधे में चोट आई है। घटना की जानकारी मिलते ही साथी जवान मौके पर पहुंचे और घायल विजय जेना को तत्काल महारानी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
सीएसपी ने दी घटना की जानकारी
जगदलपुर सीएसपी सुमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोली जवान के कंधे को छूकर निकल गई है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।






