विश्व शिक्षक दिवस पर सेमरिया विद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दी बधाई, शिक्षा गुणवत्ता और सामाजिक योगदान की हुई सराहना
सेमरिया, बम्हनीडीह। विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय पूर्व प्राथमिक शाला सेमरिया में संकुल समन्वयक विश्वनाथ कश्यप को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘शिक्षा ज्योति प्रशस्ति पत्र’ प्राप्त होने पर विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधान पाठक डॉ. उमेश दुबे ने कहा कि विश्वनाथ कश्यप निरंतर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यालयों के अवलोकन एवं शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे सोशल मीडिया के माध्यम से भी शिक्षा एवं विद्यालयीन गतिविधियों को व्यापक स्तर पर सामने लाने के साथ-साथ सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘शिक्षा ज्योति’ जैसी पहल का मूल उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाना तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर पितांबर प्रसाद कश्यप, टीकाराम गोपालन, कैलाश खूंटे, कौशल यादव, अनुपमा जांगड़े, संतोष चंद्रा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।







