आगामी चुनावों से पहले मतदाता डेटाबेस की होगी जांच, नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और तस्वीरों का SIR के आंकड़ों से किया जाएगा मिलान।
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मतदाता सूची में संभावित गलतियों और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को दुरुस्त करने के लिए विशेष सत्यापन अभियान शुरू करने की पहल की है। आयोग ने 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इस प्रक्रिया के लिए 1 जनवरी 2027 को पात्रता की तारीख निर्धारित की गई है।
SIR के आंकड़ों से होगा मतदाता विवरणों का मिलान
निर्वाचन आयोग ने 25 नवंबर को जारी निर्देश में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक और गुजरात समेत 26 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को मौजूदा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जुटाए गए आंकड़ों से मिलान करने को कहा है।
नाम से लेकर तस्वीर तक की होगी जांच
सत्यापन अभियान के दौरान मतदाताओं के नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, तस्वीर और संबंध संबंधी विवरणों की जांच की जाएगी। इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज अन्य जानकारियों का भी पुनरीक्षण के दौरान एकत्रित डेटा से मिलान किया जाएगा।
गलत प्रविष्टियों का होगा फील्ड सत्यापन
आयोग के निर्देश के मुताबिक, मिलान के दौरान सामने आने वाली विसंगतियों और त्रुटियों को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद संबंधित जानकारियों का मैदानी स्तर पर सत्यापन कराया जाएगा और आवश्यकतानुसार मतदाता सूची में सुधार किया जाएगा।
आगामी चुनावों से पहले शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने की तैयारी
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों से पहले मतदाता डेटाबेस को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाना है, ताकि मतदाता सूची में दर्ज जानकारियों की गलतियों को समय रहते दूर किया जा सके।











