फसल नुकसान के बाद बची उपज बेचने पर नहीं लगेगी रोक, चक्रवात, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर देनी होगी सूचना
रायगढ़। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान का दावा करने वाले किसानों को धान खरीदी केंद्रों में अपनी बची हुई उपज बेचने से वंचित नहीं होना पड़ेगा। बीमा क्लेम की राशि मिलने के बावजूद किसान नुकसान के बाद बची फसल को कृषि उपज मंडियों और समितियों में नियमानुसार बेच सकेंगे। उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया है कि फसल बीमा का दावा करने और शेष उपज की बिक्री के बीच कोई बाधा नहीं है।
फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य
कृषि विभाग के अनुसार चक्रवात, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि जैसी स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं से फसल को नुकसान होने पर संबंधित बीमित किसान को घटना के 72 घंटे के भीतर सूचना देनी होगी। सूचना में फसल क्षति की मात्रा और नुकसान के कारण का स्पष्ट उल्लेख करना जरूरी है।
किसान बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 1800-419-0344 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा स्थानीय कृषि एवं राजस्व अधिकारियों या संबंधित बैंक को भी जानकारी दी जा सकती है। किसान हेल्पलाइन नंबर 14447 और संबंधित पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कटाई के बाद खेत में रखी फसल को भी मिलेगा बीमा लाभ
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए फैलाकर रखी गई या बंडलों में सुरक्षित रखी गई अधिसूचित फसल को भी बीमा सुरक्षा के दायरे में शामिल किया गया है। चक्रवात और बेमौसम बारिश से ऐसी फसल को नुकसान पहुंचने पर प्रभावित बीमित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति मिलेगी।
48 घंटे में सर्वेयर की नियुक्ति, 10 दिनों में आकलन
कृषि विभाग के मुताबिक फसल क्षति की सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी 48 घंटे के भीतर नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वेयर नियुक्त करेगी। इसके बाद 10 दिनों के भीतर क्षति का आकलन पूरा किया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के 15 दिनों के भीतर नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि किसानों के बैंक खातों में भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।
कृषि विभाग की किसानों से अपील, भ्रम में न रहें
उप संचालक कृषि ने जिले के सभी बीमित किसानों से अपील की है कि प्राकृतिक आपदा या प्रतिकूल मौसम के कारण फसल को नुकसान होने पर किसी तरह की आशंका या भ्रम न रखें। निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा के भीतर बीमा कंपनी अथवा कृषि विभाग को सूचना देकर फसल क्षति का दावा अवश्य प्रस्तुत करें। बीमा क्लेम लेने के साथ बची हुई उपज की नियमानुसार बिक्री भी की जा सकती है।











