पुसौर के करीब 100 मेधावी विद्यार्थियों ने रायपुर में वित्त मंत्री से की मुलाकात, शिक्षा, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं पर मिला मार्गदर्शन; निज निवास पर कराया भोजन
वित्त मंत्री से मुलाकात बनी यादगार अनुभव
रायगढ़। विकासखंड पुसौर के करीब 100 मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से मुलाकात प्रेरणादायी अनुभव बन गई। शैक्षणिक भ्रमण पर रायपुर पहुंचे विद्यार्थियों ने वित्त मंत्री के निज निवास पर उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान श्री चौधरी ने विद्यार्थियों से खुलकर संवाद किया और शिक्षा, करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा जीवन में सफलता के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
लक्ष्य निर्धारण और मेहनत को बताया सफलता का आधार
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर चयन और लक्ष्य निर्धारण से जुड़े सवाल पूछे। वित्त मंत्री ने उनकी जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए कहा कि जीवन में बड़े सपने देखना जरूरी है, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख दी।
असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ने की दी प्रेरणा
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने शिक्षा को बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि सफलता की राह में आने वाली असफलताओं से घबराना नहीं चाहिए। उनसे सीख लेकर नए उत्साह के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन के अनुभव भी साझा किए और विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों के लिए निज निवास पर कराया भोजन
वित्त मंत्री का सहज और आत्मीय व्यवहार विद्यार्थियों के लिए खास आकर्षण रहा। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ उनके साथ समय बिताया। इस अवसर पर उन्होंने अपने निज निवास पर सभी विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी कराई। उनके इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से विद्यार्थी उत्साहित और अभिभूत नजर आए।
विजेता विद्यार्थियों को मिली नई प्रेरणा
पुसौर विकासखंड के मेधावी और जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों के लिए यह मुलाकात केवल औपचारिक भेंट नहीं रही। इस संवाद ने उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और सफलता के लिए लगातार प्रयास करने की नई प्रेरणा दी।











