लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी नाटक, कविता लेखन और चित्रकला में प्रतिभागियों ने बिखेरा जलवा; 1 से 7 दिसंबर तक बिलासपुर में होगा राज्य स्तरीय युवा उत्सव
लोककला और रचनात्मकता का दिखा संगम
रायगढ़ में 20 नवंबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर के युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। लोककला, साहित्य, संगीत और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जुड़ी विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती प्रतिमा सागर, सहायक क्रीड़ा अधिकारी श्री जीवनलाल नायक और उपस्थित निर्णायकों ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद लोकनृत्य की प्रस्तुति के साथ प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। आयोजन में लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी नाटक, कविता लेखन, चित्रकला और पारंपरिक वेशभूषा जैसी विधाएं शामिल रहीं।
लोकनृत्य और लोकगीत में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के परिणामों में लोकनृत्य विधा में धरमजयगढ़ की हरावती एवं समूह ने प्रथम, रायगढ़ के मनीष कुमार एवं समूह ने द्वितीय और रितिका भगत एवं समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लोकगीत में तमनार के जगनारायण एवं समूह प्रथम, घरघोड़ा के अजय कुमार एवं समूह द्वितीय तथा तमनार के मनीष गुप्ता एवं समूह तृतीय स्थान पर रहे।
नाटक, कविता और चित्रकला में भी दिखी प्रतिभा
एकांकी नाटक में सुशांत पटनायक एवं समूह ने प्रथम स्थान हासिल किया। कविता लेखन में रायगढ़ के नवीन कुमार प्रथम, मुस्कान पटेल द्वितीय और पुसौर के जितेंद्र नायक तृतीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में रायगढ़ की भूमिका मेहर ने प्रथम, हर्षित यादव ने द्वितीय और रायगढ़ के ऋषभ वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पारंपरिक वेशभूषा में दिशा पटेल रहीं प्रथम
पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में पुसौर की दिशा पटेल ने प्रथम स्थान हासिल किया। खरीन खड़िया द्वितीय और सच्चिदानंद सिदार तृतीय स्थान पर रहे। विभिन्न विधाओं में विजेता प्रतिभागियों का चयन उनकी प्रस्तुतियों के आधार पर किया गया।
विशेषज्ञ निर्णायकों ने किया प्रतिभाओं का मूल्यांकन
आयोजन में चक्रधर संगीत महाविद्यालय रायगढ़ के संचालक शरद वैष्णव, वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध चित्रकार मनोज श्रीवास्तव, वरिष्ठ चित्रकार सुशील पटेल, साहित्यकार डॉ. आशा किरण मेहर, अंतरराष्ट्रीय साहित्यकार डॉ. अजय पटनायक, अंतरराष्ट्रीय कथक कलाकार निहारिका यादव, चित्रकार सुमन साहू, व्याख्याता कोमल सिंह तोमर और जानकी महाविद्यालय धनवाडेरा के प्राचार्य गजेंद्र चक्रधारी निर्णायक एवं अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सहायक संचालक प्रतिमा सागर ने अतिथियों और निर्णायकों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। वहीं आयोजन में सहयोग देने वाले व्याख्याताओं एवं व्यायाम शिक्षकों को प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए।
बिलासपुर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे हुनर
समापन अवसर पर अतिथियों, निर्णायकों, सहायक संचालक प्रतिमा सागर और सहायक क्रीड़ा अधिकारी जीवनलाल नायक ने विजेताओं को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन बिलासपुर में 1 से 7 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है। इसमें जिला स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागी रायगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।











