घरघोड़ा थाना क्षेत्र का मामला, स्कूल जाने से मना करने पर बच्ची ने दादी को बताई आपबीती; शिकायत मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई
दादी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
रायगढ़, 16 नवंबर 2026। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में प्राथमिक शाला के एक शिक्षक पर करीब 6 वर्ष 4 माह की मासूम छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। बच्ची की दादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान अजय कुमार भट्ट (52 वर्ष), निवासी ग्राम ठूसेकेला, थाना खरसिया, वर्तमान में घरघोड़ा क्षेत्र के रूप में हुई है।
स्कूल जाने से मना करने पर सामने आई घटना
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को महिला ने घरघोड़ा थाने में अपनी नातिन के साथ हुई घटना की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि जब उसने बच्ची को स्कूल जाने के लिए कहा तो उसने जाने से मना कर दिया। कारण पूछने पर बच्ची ने बताया कि 12 नवंबर को दोपहर में स्कूल के शिक्षक अजय कुमार उसे और कक्षा के एक अन्य बच्चे को दूसरे कमरे में ले गए थे।
बच्ची के अनुसार, कमरे में शिक्षक कुर्सी पर बैठा और उसने अपने निजी अंग दिखाए। बच्ची की बात सुनकर दादी ने गांव के प्रमुख लोगों को जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद डायल 112 की टीम ने महिला को शिकायत दर्ज कराने के लिए घरघोड़ा थाना पहुंचाया।
पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार
महिला के लिखित आवेदन पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ अपराध क्रमांक 339/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और विवेचना के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।











