समय-सीमा की बैठक में जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश, औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत के लिए उद्योगों के सहयोग से बनेगी कार्ययोजना
धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं पर जोर
रायगढ़, 16 नवंबर 2026। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था, किसानों की सुविधाएं, उपार्जन केंद्रों की सुरक्षा, अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर निगरानी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी सुचारू रूप से संचालित होनी चाहिए। सभी सहकारी समितियों और उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि उन्हें धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अवैध धान के परिवहन पर रहेगी विशेष निगरानी
कलेक्टर ने धान खरीदी के दौरान अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने जांच नाकों पर तैनात कर्मचारियों को सतर्कता से काम करने और उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपार्जन केंद्रों एवं सहकारी समितियों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अवैध धान से जुड़े मामलों में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर हो निराकरण
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निराकरण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग नियमित रूप से लंबित मामलों की समीक्षा करें।
सड़कों की मरम्मत में उद्योगों की होगी सहभागिता
औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों की खराब स्थिति और मरम्मत की जरूरत को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित उद्योगों की सहभागिता से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग और उद्योग आपसी समन्वय से काम करें।
जिला अस्पताल की मर्च्यूरी का होगा निरीक्षण
जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में अव्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतों को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। साथ ही कमियों और समस्याओं के संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा, ताकि जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
बैठक में नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर भूआर्य, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











