जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त तलवार और आरोपियों के कपड़े बरामद; एक आरोपी अब भी फरार
गाली-गलौज का विरोध करने पर किया हमला
रायगढ़, 15 नवंबर 2026। जूटमिल थाना क्षेत्र के सोनुमुड़ा में मामूली विवाद को लेकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हाथ-मुक्के, डंडे और तलवार से हमला कर दोनों को चोट पहुंचाई थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तलवार भी बरामद कर ली है। मामले का एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
स्कूटी का तेल खत्म होने की बात पर हो रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को मनोज पानीकर (49 वर्ष), निवासी सोनुमुड़ा सोनकरपारा ने जूटमिल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह फल दुकान से घर पहुंचे थे। इसी दौरान घर के सामने धनी भट्ट, किट्टु सिदार और उनके अन्य साथी स्कूटी का तेल खत्म होने की बात को लेकर आपस में गाली-गलौज कर रहे थे।
मनोज पानीकर ने जब उन्हें गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपियों ने एक राय होकर उन पर और उनके बेटे प्रिंस पर हाथ-मुक्के, डंडे और तलवार से हमला कर दिया।
हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(1) और धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश देकर दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु, पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु और छबी भट्ट उर्फ डब्बु को उनके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी दिनदयाल भट्ट के मकान से घटना में इस्तेमाल तलवार और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए। तलवार की लंबाई-चौड़ाई के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई।
गिरफ्तार तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई है—
- दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु (28 वर्ष), पिता महेत्तर भट्ट, निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल, रायगढ़।
- पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु (18 वर्ष 1 माह), पिता अश्वनी सिंह सिदार, निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल, रायगढ़।
- छबी भट्ट उर्फ डब्बु (42 वर्ष), पिता स्व. छेदीलाल भट्ट, निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल, रायगढ़।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले का चौथा आरोपी धनी भट्ट फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के पर्यवेक्षण में की गई। आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











