तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 62.27 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन पारिश्रमिक और 21.92 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित, लोकनृत्य महोत्सव के विजेता दल भी हुए सम्मानित
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में करोड़ों की राशि का अंतरण
रायगढ़। धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में 14 नवंबर को आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय समाज के हितग्राहियों को बड़ी आर्थिक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने बैगा-पुजारी सम्मान निधि योजना के तहत 173 करोड़ 65 लाख रुपये की राशि अंतरित की। इसके साथ ही तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 62 करोड़ 27 लाख रुपये का प्रोत्साहन पारिश्रमिक और सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 21 करोड़ 92 लाख रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की।

3,473 बैगा पुजारियों को मिला सम्मान निधि का लाभ
बैगा-पुजारी सम्मान निधि योजना के अंतर्गत कुल 3,473 हितग्राहियों के लिए 173.65 करोड़ रुपये जारी किए गए। योजना का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के जनजातीय बहुल ग्रामीण क्षेत्रों में परंपरागत वनौषधीय चिकित्सा पद्धति से जुड़े बैगा, गुनिया और हड़जोड़ लोगों के योगदान को मान्यता देना तथा इस परंपरा को प्रोत्साहित करना है।

योजना के तहत चिन्हित पात्र व्यक्तियों को प्रतिवर्ष 5,000 रुपये की सम्मान सह-प्रोत्साहन निधि दी जाती है।
4.25 लाख से अधिक तेन्दूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री ने राज्य की 386 समितियों से जुड़े 4 लाख 25 हजार 507 तेन्दूपत्ता संग्राहकों के लिए 62 करोड़ 27 लाख रुपये का प्रोत्साहन पारिश्रमिक अंतरित किया। वहीं, राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 1,556 प्रकरणों में हितग्राहियों को 21 करोड़ 92 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

इस योजना में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर 2 लाख रुपये, दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख रुपये तथा आंशिक विकलांगता की स्थिति में 1 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है।
लोकनृत्य महोत्सव के विजेता दलों को पुरस्कार
समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्यस्तरीय छत्तीसगढ़ क्षेत्र लोकनृत्य महोत्सव और शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के विजेता दलों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
छत्तीसगढ़ क्षेत्र लोकनृत्य महोत्सव के परिणाम:
- प्रथम स्थान: रायगढ़ जिले के विकासखंड रायगढ़ अंतर्गत मोहिनीपुर-चंवरपुर का कर्मा लोकनृत्य दल — 2 लाख रुपये।
- द्वितीय स्थान: सूरजपुर जिले का पारंपरिक कर्मा दल — 1 लाख रुपये।
- तृतीय स्थान: सरगुजा जिले की जय शिव शारदा कर्मा पार्टी — 50 हजार रुपये।
शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के परिणाम:
- प्रथम स्थान: कोंडागांव जिले का लिंगो घोटुल माटी मांदरी नृत्य दल — 1 लाख रुपये।
- द्वितीय स्थान: धमतरी जिले की गढ़िया बाबा आदिवासी लोक नृत्य सेवा समिति — 50 हजार रुपये।
- तृतीय स्थान: जशपुर जिले का जय मातादी करमा दल, टाटीडांड — 25 हजार रुपये।
मुख्यमंत्री ने विजेता दलों को सम्मानित करते हुए जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके योगदान को प्रोत्साहित किया।











