सीबीआई के बाद अब ईडी ने लिया कब्जे में, पीएमएलए कोर्ट में पेश कर मांगी थी रिमांड; हवाला और अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क को लेकर होगी पूछताछ
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को अपने कब्जे में ले लिया है। शुक्रवार को ईडी ने उसे विशेष पीएमएलए अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सौरभ चंद्राकर की सात दिनों की ईडी रिमांड मंजूर कर दी।
सीबीआई की न्यायिक रिमांड के बाद ईडी ने लिया कब्जे में
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई ने पूछताछ के बाद सौरभ चंद्राकर को आठ दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का फैसला लिया था। इसके बाद ईडी ने उसी दिन प्रोटेक्शन वारंट के जरिए आरोपी को अपने कब्जे में लेने और रिमांड पर सौंपने के लिए अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया। शुक्रवार को सुनवाई के बाद अदालत ने सात दिनों की रिमांड स्वीकृत कर दी।
पीएमएलए के तहत हुई गिरफ्तारी
ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 (PMLA) की धारा 19 के तहत सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार, वह महादेव ऑनलाइन बुक अवैध सट्टेबाजी सिंडिकेट का सह-मालिक और प्रमुख प्रमोटर है। उसे 19 नवंबर को अदालत में पेश किया जाना है।
दुबई से संचालित होता था सट्टेबाजी का नेटवर्क
जांच एजेंसी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगी सह-प्रमोटर रवि उप्पल दुबई स्थित मुख्यालय से महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन करते थे। इस नेटवर्क के जरिए भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में विभिन्न ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों के पैनल फ्रेंचाइजी के रूप में चलाए जाते थे।
बैंक खातों और हवाला के जरिए लेनदेन का आरोप
ईडी की जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, सट्टेबाजी में शामिल खिलाड़ियों की रकम कथित तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों के माध्यम से जमा की जाती थी। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए पैसा भारत से बाहर भेजे जाने का आरोप है।
सौरभ चंद्राकर की सात दिनों की रिमांड के दौरान ईडी इस कथित अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और हवाला के जरिए रकम के हस्तांतरण से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ करेगी।











