ढोरम के पास टेरम बायपास पर हुआ हादसा, टक्कर से वैन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त; घरघोड़ा अस्पताल में घायलों का उपचार जारी।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को स्कूली बच्चों से भरी तूफान वैन और सीमेंट लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा ग्राम ढोरम के पास टेरम बायपास पर हुआ। वैन में सरस्वती शिशु मंदिर घरघोड़ा के करीब 19 बच्चे सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने बच्चों को बाहर निकालकर पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को वैन से बाहर निकालकर घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया। पुलिस भी घायलों को अपने वाहन से अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में बच्चों का उपचार जारी है।
चार बच्चों को जिला अस्पताल रायगढ़ किया गया रेफर
घरघोड़ा बीएमओ डॉ. एसआर पैंकरा और डॉ. विकास शर्मा सहित मेडिकल टीम घायलों के उपचार में जुटी रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेहतर उपचार के लिए चार बच्चों को जिला अस्पताल रायगढ़ रेफर किया गया है। शेष बच्चों का उपचार घरघोड़ा अस्पताल में जारी है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।











