समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के घर से दस्तावेज जब्त कर ले गई टीम, महासमुंद में कारोबारी राधेश्याम अग्रवाल के यहां भी दबिश; विशेष अदालत ने सौरभ चंद्राकर की सात दिन की ईडी रिमांड मंजूर की।
मोहित सोमानी के घर सीबीआई की कार्रवाई
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार सुबह रायपुर की समता कॉलोनी निवासी मोहित सोमानी के घर दबिश दी। टीम ने करीब दो घंटे तक जांच-पड़ताल की और इस दौरान कई दस्तावेज जब्त कर अपने साथ ले गई।
35 लाख रुपये में पैनल खरीदने का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, मोहित सोमानी का संबंध महादेव सट्टा नेटवर्क के प्रमोटरों से रहा है। आरोप है कि उसने 35 लाख रुपये में सट्टा पैनल खरीदा था और महादेव 364 पैनल के जरिए ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क संचालित करता था। मोहित को नवंबर 2024 में रायपुर पुलिस ने कोलकाता के न्यू टाउन इलाके से और रायगढ़ पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह रायगढ़ जेल में बंद है।
महासमुंद में कारोबारी के घर भी दबिश
सीबीआई की एक अन्य टीम ने महासमुंद जिले में कारोबारी राधेश्याम अग्रवाल के घर छापेमारी की। यहां देर शाम तक कार्रवाई जारी रही। जानकारी के मुताबिक, सोना और नकली नोट छापे जाने की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि, सीबीआई की ओर से इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सौरभ चंद्राकर से मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला लेन-देन पर पूछताछ
महादेव सट्टा मामले के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर से अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला के जरिए हुए लेन-देन और अवैध वित्तीय नेटवर्क को लेकर पूछताछ करेगा। शुक्रवार को विशेष अदालत में लंबी बहस के बाद सौरभ की सात दिन की ईडी रिमांड मंजूर कर ली गई।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ईडी को मिली हिरासत
आठ दिन की सीबीआई रिमांड पूरी होने के बाद सौरभ चंद्राकर को बुधवार को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान ईडी ने उसे अपनी हिरासत में लेने के लिए आवेदन दिया, लेकिन अदालत ने इसे स्वीकार नहीं किया और एजेंसी को विशेष पीएमएलए अदालत में आवेदन करने का निर्देश दिया।
इसके बाद ईडी ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर प्रोडक्शन वारंट हासिल किया। शुक्रवार को पेशी के दौरान एजेंसी ने सौरभ की कस्टोडियल रिमांड मांगी, जिसे देर शाम अदालत ने मंजूरी दे दी। अब ईडी उससे सात दिनों तक पूछताछ करेगी।











