spot_img
spot_img

धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री साय बोले- जनजातीय समाज का सम्मान और समृद्धि सरकार का संकल्प

spot_img
spot_img
spot_img

मुख्यमंत्री ने जनजातीय विकास, किसानों और महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की दी जानकारी; राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से किया संबोधन

हजारों लोगों की मौजूदगी में हुआ राज्यस्तरीय समारोह

रायगढ़, 15 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा धारण कर तथा तीर-धनुष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी प्रसारण किया गया।

पद्मश्री विभूतियों और जनजातीय कलाकारों का सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री साय ने जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित विभूतियों श्रीमती बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर सम्मानित किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को भी पुरस्कृत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और जनजातीय कला, पारंपरिक उत्पादों तथा सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने पारंपरिक प्रमुखों का सम्मान करने के साथ मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरित की। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।

भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता का प्रतीक: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान की महान गाथा है। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर देश के महान जनजातीय नायकों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 में जशपुर और 2025 में सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया था। इस वर्ष धरमजयगढ़ में तीसरा राज्यस्तरीय आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों और बलिदानियों की धरती है। शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह सहित अनेक जनजातीय जननायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन करने का आग्रह किया।

6,691 गांवों तक पहुंच रही विकास योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लगभग 40 प्रतिशत लाभ जनजातीय समाज को मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतिदिन प्रदेश में करीब 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। योजना की 32 किस्तों के माध्यम से अब तक करीब 21 हजार 350 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। योजना की लगभग 30 प्रतिशत लाभार्थी जनजातीय समाज से हैं।

तेंदूपत्ता संग्राहकों और पारंपरिक पदाधिकारियों के लिए बढ़ाई सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। इसके साथ ही चरण पादुका योजना फिर से शुरू की गई है।

जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए अखरा और देवगुड़ी विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। अखरा विकास के प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पारंपरिक पदाधिकारियों की वार्षिक सम्मान राशि 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है। बैगा समुदाय के पात्र पारंपरिक पदाधिकारियों को भी प्रतिवर्ष 5,000 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है।

कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता

समारोह में मुख्यमंत्री साय ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। इससे कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को विशेष लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेशभर में धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। नए केंद्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और खरीदी केंद्रों पर भीड़ कम होगी।

जनजातीय विरासत और संस्कृति को मिल रहा सम्मान: नितिन नवीन

राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की धरती है।

नवीन ने कहा कि उनकी इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने की इच्छा थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण यात्रा की अनुमति नहीं मिल पाने से वे कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, पद्मश्री सम्मानित विभूतियां, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक समारोह में शामिल हुए।

spot_img
WhatsApp Image 2026-10-12 at 10.32.32 AM
WhatsApp Image 2026-10-12 at 10.32.32 AM (1)
WhatsApp Image 2026-10-12 at 10.32.31 AM (1)
WhatsApp Image 2026-10-12 at 10.32.33 AM (1)
WhatsApp Image 2026-10-12 at 10.32.31 AM
WhatsApp Image 2026-10-12 at 10.32.33 AM
WhatsApp Image 2026-10-12 at 10.32.34 AM (1)
WhatsApp Image 2026-10-12 at 10.32.34 AM
चंद्रशेखर जायसवाल
चंद्रशेखर जायसवाल
OWNER/EDITOR - CHANDRASHEKHAR JAISAWAL Mo.-9340765733
spot_img
spot_img

Recent Posts

कोरबा में भीषण सड़क हादसा: खड़ी यात्री बस को ट्रेलर ने मारी टक्कर, दो यात्रियों की मौत; चार गंभीर

नेशनल हाईवे-130 पर तड़के हुआ हादसा, बस में सवार थे करीब 35 यात्री; पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल...

CHHATTISGARH NEWS

कोरबा में भीषण सड़क हादसा: खड़ी यात्री बस को ट्रेलर ने मारी टक्कर, दो यात्रियों की मौत; चार गंभीर

नेशनल हाईवे-130 पर तड़के हुआ हादसा, बस में सवार थे करीब 35 यात्री; पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल...

RAIGARH NEWS

मामूली विवाद में पिता-पुत्र पर तलवार और डंडे से हमला, हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त तलवार और आरोपियों के कपड़े बरामद; एक आरोपी अब भी फरार गाली-गलौज का विरोध करने पर किया हमला रायगढ़,...