दुलदुला के बंगुरकेला अखराडीपा में पुलिस की दबिश, बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था आरोपी; जब्त गांजे की कीमत करीब 4 लाख रुपये
मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश
जशपुर। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने दुलदुला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 8.250 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
प्लास्टिक की बोरी से मिले गांजे के आठ पैकेट
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को थाना दुलदुला को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बंगुरकेला अखराडीपा निवासी राजकुमार दानी (32) अपने घर में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा है और उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
8.250 किलो गांजा बरामद, वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने आरोपी के मकान की तलाशी ली। इस दौरान कमरे में रखी प्लास्टिक की बोरी से प्लास्टिक रैपर में बंधे गांजे के आठ पैकेट बरामद हुए। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 8.250 किलोग्राम पाई गई। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद गांजा जब्त कर उसे हिरासत में लिया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी राजकुमार दानी के विरुद्ध थाना दुलदुला में अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी दुलदुला उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र भगत सहित थाना दुलदुला पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी: एसएसपी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दुलदुला क्षेत्र से आठ किलो से अधिक गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।











