आईटीआई तमनार में सहायक इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम, फिटर फैब्रिकेशन का नया बैच भी शुरू
रायगढ़, 18 नवंबर 2026। खनन प्रभावित क्षेत्रों के स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की जिला प्रशासन की पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जिंदल पावर लिमिटेड, तमनार की सीएसआर पहल के तहत आईटीआई तमनार में संचालित सहायक इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण पूरा करने वाले 19 युवाओं में से 15 को रोजगार मिला है, जबकि चार युवाओं ने अपने कौशल के आधार पर स्वरोजगार शुरू किया है।
तीन महीने का प्रशिक्षण पूरा, युवाओं को मिला रोजगार
जिंदल पावर लिमिटेड की खदान जीपी के सीएसआर मद से ओपी जिंदल कम्युनिटी कॉलेज, पुंजीपथरा के माध्यम से तीन माह का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। इसका शुभारंभ 22 जुलाई को एडीएम अपूर्व टोप्पो और खनि अधिकारी रमाकांत की उपस्थिति में हुआ था। प्रशिक्षण 22 अक्टूबर को पूरा हुआ। इसमें तमनार विकासखंड के खनन प्रभावित क्षेत्रों के विभिन्न गांवों से युवाओं का चयन किया गया था।
12 युवाओं को डिप्लोमा के साथ नौकरी का अवसर
प्रशिक्षण के बाद 12 युवाओं का चयन सुब्रोस लिमिटेड, गुरुग्राम में लर्न एंड अर्न योजना के तहत हुआ है। इस योजना के अंतर्गत उन्हें तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम के दौरान 14,800 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। डिप्लोमा सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्हें सहायक अभियंता के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा एक युवा को जीपी और दो युवाओं को एसएसडी, पुंजीपथरा में नियोजन मिला है। वहीं चार युवाओं ने स्वरोजगार अपनाया है।
फिटर फैब्रिकेशन का नया प्रशिक्षण बैच शुरू
सहायक इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण के उत्साहजनक परिणामों के बाद आईटीआई तमनार में फिटर फैब्रिकेशन ट्रेड का नया प्रशिक्षण बैच भी 10 नवंबर से शुरू किया गया है। तीन माह के इस प्रशिक्षण के लिए 20 युवाओं का चयन किया गया है। यह एनएसक्यूएफ लेवल-3 का पाठ्यक्रम है, जिसमें युवाओं को औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप तकनीकी कौशल सिखाया जाएगा।
तकनीकी प्रशिक्षण के साथ सुरक्षा और वित्तीय साक्षरता पर जोर
नए प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पद्धतियों, ऑक्सी-ईंधन गैस से धातु की कटाई, धातु के विभिन्न घटकों पर फिटिंग कार्य और आर्क वेल्डिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही सॉफ्ट स्किल और वित्तीय साक्षरता की जानकारी भी दी जाएगी। प्रशिक्षुओं को आवागमन के लिए बस सुविधा, सुरक्षा जूते और गणवेश उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशिक्षण पूरा होने पर उन्हें टूल किट भी प्रदान की जाएगी।
प्रशिक्षण के बाद रोजगार दिलाने में भी मिलेगी सहायता
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले युवाओं को तकनीकी विश्वविद्यालय से प्रमाणन और ओपी जिंदल कम्युनिटी कॉलेज की ओर से पाठ्यक्रम पूर्णता प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। साथ ही कॉलेज द्वारा छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी सहायता की जाएगी।











