दोनों आरोपियों से 12.250 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत की कार्रवाई।
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम गेजामुड़ा में लगातार दूसरे दिन छापेमारी कर दो अवैध महुआ शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 12.250 लीटर महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,850 रुपये बताई गई है।
पहली कार्रवाई में 6.250 लीटर महुआ शराब जब्त
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गेजामुड़ा निवासी रामनिवास खड़िया अपने मकान के पास कोलाबाड़ी में महुआ शराब छिपाकर बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। पूछताछ में आरोपी ने शराब बिक्री करना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 250 एमएल क्षमता वाले 25 प्लास्टिक पाउच में भरी कुल 6.250 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 1,250 रुपये बताई गई है। आरोपी रामनिवास खड़िया (27 वर्ष), पिता अगनुराम खड़िया, निवासी गेजामुड़ा के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरी कार्रवाई में 6 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी पकड़ाया
19 नवंबर को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को गेजामुड़ा चौक के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से महुआ शराब बेचने की सूचना मिली। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान हरिहर खड़िया (47 वर्ष), पिता गिरवारी खड़िया, निवासी सोयामुड़ा, छोटी कंपनी डिपो, थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई। तलाशी में उसके कब्जे से जरकिन और पानी की बोतलों में रखी कुल 6 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 600 रुपये है।
दोनों आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
कोतरारोड़ पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, लगातार दो दिनों में गेजामुड़ा क्षेत्र से दो अवैध शराब विक्रेताओं को पकड़कर कुल 12.250 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है।











