जिले के 112 उपार्जन केंद्रों में 5.42 लाख मीट्रिक टन से अधिक खरीदी का लक्ष्य, 84,501 किसानों ने कराया पंजीयन
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला जारी है। 15 नवंबर से शुरू हुई खरीदी प्रक्रिया के तहत 19 नवंबर तक जिले के 169 किसान अपनी उपज बेच चुके हैं। इस दौरान विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में कुल 992.48 मीट्रिक टन मोटा धान खरीदा गया है। इसके लिए 187.092 हेक्टेयर पंजीकृत रकबे से धान का उपार्जन किया गया है।
112 केंद्रों में 5.42 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जिले में धान खरीदी की व्यापक व्यवस्था की गई है। इसके तहत 79 समितियों के अंतर्गत संचालित 112 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 5,42,580.94 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
84,501 किसानों ने कराया पंजीयन
इस वर्ष जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए कुल 84,501 किसानों ने पंजीयन कराया है। इन किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 1,24,728.258 हेक्टेयर है। प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पंजीकृत किसानों से उपार्जन केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जा रहा है।
किसानों की सुविधा पर प्रशासन का जोर
धान खरीदी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाए रखने के साथ उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। खरीदी कार्य के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।











