बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने जारी किया आदेश, निलंबन अवधि में नारायणपुर रक्षित केंद्र रहेगा मुख्यालय
रायपुर। फरार शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए तैयार की गई गोपनीय रणनीति लीक होने के मामले में पुलिस विभाग ने एक और कार्रवाई की है। बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने निरीक्षक विनीत दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा मामला
16 नवंबर को जारी निलंबन आदेश में कार्रवाई का आधार तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से संबंधित संदिग्ध आचरण को बताया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर ने इस मामले में 30 अक्टूबर को प्रतिवेदन भेजा था।
प्रारंभिक जांच के बाद कार्रवाई
आदेश के अनुसार, प्रारंभिक जांच में निरीक्षक विनीत दुबे का आचरण विभागीय मर्यादा के प्रतिकूल पाया गया। इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया गया।
नारायणपुर रक्षित केंद्र में रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।











