1076 पर शिकायत के बाद क्रेडा ने कराई मरम्मत, ग्रामीणों और राहगीरों को फिर मिलने लगी रात्रिकालीन रोशनी की सुविधा
रायगढ़, 18 नवंबर 2026। आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 प्रभावी साबित हो रहा है। इसका उदाहरण रायगढ़ जिले के चपले चौक में देखने को मिला, जहां लंबे समय से बंद पड़ी सोलर हाईमास्ट लाइट को शिकायत के बाद फिर से चालू करा दिया गया है। क्रेडा के जिला एवं जोनल कार्यालय रायगढ़ ने संबंधित एजेंसी से समन्वय कर संयंत्र की तकनीकी खराबी दूर कराई। अब चौक पर रात के समय फिर से रोशनी उपलब्ध हो रही है।
1076 पर दर्ज कराई थी शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड खरसिया के ग्राम सोड़का निवासी महेन्द्र सिंह ने सीएम हेल्पलाइन 1076 पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने ग्राम चपले चौक में प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाए गए सोलर हाईमास्ट संयंत्र के बंद होने की समस्या अधिकारियों के संज्ञान में लाई थी।
क्रेडा ने तकनीकी खराबी दूर कर बहाल की व्यवस्था
शिकायत मिलने के बाद क्रेडा के जिला कार्यालय एवं जोनल कार्यालय रायगढ़ ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित स्थापनाकर्ता इकाई से संपर्क किया। आपसी समन्वय से सोलर हाईमास्ट संयंत्र में आई तकनीकी खराबियों को ठीक कराया गया और उसे दोबारा चालू कर दिया गया।
ग्रामीणों और राहगीरों को मिली राहत
सोलर हाईमास्ट लाइट के दोबारा शुरू होने से चपले चौक पर रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था बहाल हो गई है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ रात में इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भी सुविधा मिल रही है। शिकायत का निराकरण होने पर आवेदक महेन्द्र सिंह ने संतुष्टि जताई। वहीं ग्रामवासियों ने प्रकाश व्यवस्था बहाल होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं शासन तक पहुंचा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई कर समाधान किया जा रहा है।











