लैलूंगा से रायगढ़ तक अलग-अलग स्थानों पर जांच, मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज; 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी
रायगढ़, 18 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध धान की खरीदी-बिक्री, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान कुल 66.80 क्विंटल अवैध धान पकड़ा गया। संबंधित मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
मुकड़ेगा में 14 क्विंटल धान जब्त
एसडीएम लैलूंगा की टीम ने ग्राम मुकड़ेगा में सुदूराम चौहान के पास रखे 34 कट्टा धान की जांच की। करीब 14 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर उसे जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
रायगढ़ में मकान और किराना दुकानों की जांच
मंडी टीम ने रायगढ़ के काशीराम चौक स्थित विनोद जांगड़े के मकान की जांच के दौरान 70 कट्टा यानी 28 क्विंटल धान पाया। इस मामले में मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
वहीं, मंडी, राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने श्री अनिल किराना के यहां 30 कट्टा तथा सीता किराना, शरद अग्रवाल के यहां 32 कट्टा धान पाया। दोनों स्थानों से कुल 62 कट्टा यानी 24.80 क्विंटल धान मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी
अवैध धान की खरीदी-बिक्री और परिवहन रोकने के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन पर तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले वाहनों और धान की जांच के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
10 तहसीलों में गठित किए गए उड़नदस्ता दल
जिले में निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। इसके अलावा सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल बनाए गए हैं। इन दलों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध धान की खरीदी, परिवहन और भंडारण पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन द्वारा सीमावर्ती इलाकों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक निगरानी कर नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही है।











