सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए सड़क पर कर रहे थे स्टंटबाजी, वीडियो के आधार पर चक्रधरनगर पुलिस ने की कार्रवाई
चलती बाइक पर कर रहे थे खतरनाक स्टंट
रायगढ़। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने के लिए सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। युवकों ने चलती मोटरसाइकिलों पर स्टंटबाजी के साथ अशोभनीय हरकतें भी कीं। मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांचों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। एसडीएम न्यायालय में पेशी के बाद जेल वारंट जारी होने पर सभी को जेल भेज दिया गया।
दो मोटरसाइकिलों पर सवार थे पांच युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की रात पांच युवक दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान वे चलती बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे। युवकों ने सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकतें भी कीं और अपनी इन करतूतों का वीडियो बनाया।
वीडियो के आधार पर हुई पहचान
घटना का वीडियो सामने आने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की। इसके बाद पांचों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी युवकों को जेल दाखिल करा दिया गया।











