नींद की दवा मिलाकर अभिमंत्रित जल बताकर पिलाया, बेहोशी की हालत में दुष्कर्म का आरोप; घरघोड़ा पुलिस ने दोनों को भेजा जेल
शादी और बीमारी ठीक करने का दिया झांसा
रायगढ़। अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर महिला का शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। घरघोड़ा में एक व्यक्ति ने शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर 40 वर्षीय महिला को अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि पूजा-पाठ के दौरान अभिमंत्रित जल बताकर उसे नींद की दवा मिला पानी पिलाया और बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। इस साजिश में आरोपी की महिला सहयोगी भी शामिल रही। इतना ही नहीं, दोनों ने पूजा-पाठ और बिजनेस में काम दिलाने के नाम पर पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये भी वसूल लिए। मामले में घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी सहयोगी गायत्री मानिकपुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
परिचित महिला के जरिए आरोपी से हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को लैलूंगा निवासी 40 वर्षीय अविवाहित महिला ने रायगढ़ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की होने के कारण मामला घरघोड़ा पुलिस को सौंप दिया गया। पीड़िता ने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी पहचान चंद्र कुमार जायसवाल से हुई थी। उसे बताया गया था कि आरोपी हाथ देखकर भविष्य बताने के साथ झाड़-फूंक और दवाओं से बीमारियों का इलाज करता है।
पीड़िता ने मोबाइल पर आरोपी से संपर्क कर शरीर में दर्द रहने और शादी नहीं होने की समस्या बताई। इस पर आरोपी ने पूजा-पाठ के जरिए बीमारी ठीक करने और विवाह में आ रही बाधाएं दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी।
पूजा-पाठ के बहाने किराये के मकान में बुलाया
8 मार्च 2026 को आरोपी ने इलाज और पूजा-पाठ करने के बहाने पीड़िता को रायगढ़ रोड स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपी उसे बाइक से अपने मकान ले गया, जहां पहले से गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत मौजूद थी। उसने खुद को पूजा-पाठ करने वाली महिला बताते हुए पीड़िता से उसकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी और लड्डू मंगवाए गए। गायत्री ने पीड़िता को नहाकर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने के लिए कहा और भरोसा दिलाया कि वह स्वयं महिला होने के नाते पूजा के दौरान मौजूद रहेगी।
अभिमंत्रित जल बताकर पिलाई नींद की दवा
पीड़िता के मुताबिक, पूजा-पाठ और हवन के दौरान चंद्र कुमार ने उसे अभिमंत्रित जल बताकर पानी पीने के लिए दिया। पानी पीने के कुछ देर बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी दौरान चंद्र कुमार ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
होश में आने के बाद जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने विवाह में आ रही बाधा दूर करने और शारीरिक परेशानी ठीक करने के नाम पर अपने कृत्य को उचित ठहराने की कोशिश की।
पूजा और बिजनेस के नाम पर वसूले करीब 6 लाख रुपये
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पूजा-पाठ और हवन के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए। इसके बाद चंद्र कुमार ने उसे वेस्टिज कंपनी में बिजनेस के जरिए काम दिलाने का झांसा दिया और लगातार रुपये देने का दबाव बनाया। इस तरह अलग-अलग बहानों से उससे करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए गए। शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया।
साजिश में महिला सहयोगी की भूमिका भी आई सामने
मामले की जांच के दौरान पुलिस के अनुसार, चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी पहले प्रेम संबंध में थे। दोनों ने मिलकर पीड़िता को झाड़-फूंक के बहाने घरघोड़ा बुलाने और पूजा के दौरान अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने पूछताछ और विवेचना में दोनों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें हिरासत में लिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 61(2), 49, 123 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 8 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
- चंद्र कुमार जायसवाल (45 वर्ष), निवासी ग्राम टांडीपार, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, हाल मुकाम लैलूंगा।
- गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39 वर्ष), निवासी ग्राम गेरसा सुकवासीपारा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने की अंधविश्वास से बचने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।











