रायगढ़। दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन मारपीट और युवक को जबरन कार में ले जाने तक पहुंच गया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण शर्मा (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद पुलिस ने एक दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की और वारदात में इस्तेमाल सफेद ऑल्टो कार, मोबाइल, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया। मामले में एक अन्य आरोपी दीप अग्रवाल पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।
सिग्नल चौक पर पटाखे फोड़ने के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, हण्डी चौक निवासी निमिश अग्रवाल (18 वर्ष) ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी और अरुण ने निमिश के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार कर दिया।
सुबह घर में घुसकर की मारपीट, जबरन कार में बैठाकर ले गए
शिकायत के मुताबिक, 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे निमिश अपने घर में सो रहा था। तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद ऑल्टो कार से वहां पहुंचे। आरोपियों ने घर में जबरन घुसकर पटाखे फोड़ने की बात पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अरुण ने अपना जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी निमिश को जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो हनी अग्रवाल ने बनाया था। बाद में आरोपी निमिश को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।
पहले दीप अग्रवाल की हुई थी गिरफ्तारी
मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। विवेचना के दौरान 12 नवंबर को दीप अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर, कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। वहीं अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला फरार थे।
आत्मसमर्पण के बाद पुलिस रिमांड पर लेकर की पूछताछ
पुलिस की लगातार दबिश के बीच मुख्य आरोपी अरुण शर्मा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से उसका एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया। पूछताछ और जब्ती कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद ऑल्टो कार क्रमांक CG 13 AS 1381, एक मोबाइल फोन, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कराया गया। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।











