16 नवंबर से नई कीमतें लागू, Samsung Galaxy A-F सीरीज के 22 और Redmi के 19 वेरिएंट्स के दाम बढ़े; कुछ बजट फोन 19 प्रतिशत तक महंगे
दिवाली और फेस्टिव सीजन खत्म होने के बाद स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को झटका लगा है। Samsung और Xiaomi ने अपने 41 स्मार्टफोन मॉडल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन फोन के दाम 1,000 रुपये से लेकर 4,000 रुपये तक बढ़ाए गए हैं। नई कीमतें 16 नवंबर से लागू हो गई हैं।
Samsung और Redmi के 41 वेरिएंट्स के दाम बढ़े
रिपोर्ट के अनुसार, Samsung ने Galaxy A और Galaxy F सीरीज के 22 वेरिएंट्स की कीमतों में इजाफा किया है। वहीं, Xiaomi के Redmi ब्रांड के 19 वेरिएंट्स महंगे हुए हैं। इनकी कीमतों में मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से बढ़ोतरी की गई है।
बजट स्मार्टफोन पर भी पड़ा असर
कीमतों में बढ़ोतरी का असर केवल प्रीमियम और मिड-रेंज स्मार्टफोन तक सीमित नहीं है। बजट सेगमेंट के फोन भी महंगे हुए हैं। Xiaomi Redmi के कुछ बजट स्मार्टफोन की कीमतों में करीब 19 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होने की बात सामने आई है। ऐसे में कम कीमत में स्मार्टफोन खरीदने वाले ग्राहकों का बजट प्रभावित हो सकता है।
Lava और AI+ के फोन भी हुए थे महंगे
इससे पहले 15 नवंबर से भारतीय ब्रांड Lava और AI+ ने भी अपने स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। इन कंपनियों के कुछ फोन 3,000 रुपये तक महंगे हुए हैं। लगातार हो रही कीमतों में बढ़ोतरी से स्मार्टफोन बाजार के बजट और मिड-रेंज सेगमेंट में ग्राहकों को अब पहले की तुलना में ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।











