कुपोषण मुक्ति के लिए महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग मिलकर करेंगे काम, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने दिए समन्वित प्रयास के निर्देश
रायगढ़। जिले में कुपोषण की पहचान, रोकथाम और प्रभावी उपचार के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 1 से 14 दिसंबर तक जिलेभर में वजन त्यौहार आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के वजन और ऊंचाई की जांच के साथ गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं के पोषण स्तर का भी आकलन किया जाएगा। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
बच्चों की नियमित जांच और समय पर उपचार पर जोर
जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि कुपोषण से निपटने के लिए समय पर पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है। उन्होंने वीएचएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) के माध्यम से बच्चों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा चिरायु योजना के तहत अधिक से अधिक बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वजन त्यौहार में बच्चों की ऊंचाई और वजन का होगा आकलन
1 से 14 दिसंबर तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का वजन और ऊंचाई मापी जाएगी। इसके आधार पर उनके पोषण स्तर का आकलन किया जाएगा। अभियान में दिव्यांग बच्चों की पहचान भी की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं का वजन, ऊंचाई, बीएमआई और एनीमिया की जांच की जाएगी।
घर-घर पहुंचकर अभिभावकों को करेंगे जागरूक
अभियान के बेहतर संचालन के लिए 3 से 5 आंगनबाड़ी केंद्रों का क्लस्टर बनाया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर अभिभावकों को बच्चों की जांच के लिए आमंत्रित करेंगी। निर्धारित दिन जांच से छूटने वाले बच्चों का वजन और ऊंचाई दर्ज करने के लिए कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उनके घर पहुंचेंगी। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे।
अभियान की निगरानी के लिए ग्राम पंचायतवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। संबंधित अधिकारी आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर दर्ज आंकड़ों का भौतिक सत्यापन भी करेंगे।
मातृ वंदना योजना में पात्र महिलाओं का पंजीयन बढ़ाने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा करते हुए पात्र महिलाओं का पंजीयन बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने टीकाकरण और योजना से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी कराने के निर्देश दिए। योजना के तहत प्रथम संतान के जन्म पर 5 हजार रुपये और दूसरी संतान बालिका होने पर 6 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता राशि प्रदान की जाती है।
आंगनबाड़ी सेवाओं और पोषण योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती, महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी, टीएचआर और एचसीएम वितरण, पोषण ट्रैकर के माध्यम से बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग तथा आभा आईडी और अपार आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना, मुख्यमंत्री महिला कोष, सक्षम योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की स्थिति पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार रेडी-टू-ईट पोषण आहार की गुणवत्ता एवं आपूर्ति की जानकारी ली।
सीडीपीओ को नियमित निरीक्षण के निर्देश
कलेक्टर ने संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और पोषण आहार की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण पांडेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत सहित महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।











