सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे राजनाथ सिंह, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी रहे मौजूद
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ स्वागत
लखनऊ। रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शुक्रवार को सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर ब्रजेश पाठक ने राजनाथ सिंह का स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। ब्रह्माकुमारीज की लखनऊ सब-जोन इंचार्ज बीके राधा दीदी ने रक्षामंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान राजनाथ सिंह के सम्मान में विशेष गीत प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने सांस्कृतिक नृत्य के जरिए अतिथियों का अभिनंदन किया।
धर्म योगी जी ने राजनाथ सिंह को बताया बड़ा भाई
ब्रह्माकुमारीज के जनरल सेक्रेटरी धर्म योगी जी ने अपने संबोधन में राजनाथ सिंह को कार्यक्रम का मुख्य अतिथि नहीं, बल्कि मुख्य होस्ट बताया। उन्होंने उन्हें अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि सभी बाबा के बच्चे हैं। अपने संबोधन में उन्होंने राजनाथ सिंह के भाजपा अध्यक्ष रहने के दौरान प्रधानमंत्री के नाम की घोषणा से जुड़े प्रसंग का भी उल्लेख किया। साथ ही देश की सुरक्षा और किसानों के हित में उनके योगदान की सराहना की।
निशुल्क राजयोग ध्यान का मिलेगा प्रशिक्षण
बीके राधा दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज की स्थापना के 90 वर्ष और लखनऊ में आध्यात्मिक सेवाओं के 72 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव मनाया जा रहा है। नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन में लोगों को निशुल्क राजयोग ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा यहां विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
दो हजार लोगों की क्षमता वाले ऑडिटोरियम की योजना
ब्रह्माकुमारीज की ओर से भविष्य में गुलजार उपवन परिसर में दो हजार लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाने की भी योजना है। इसके माध्यम से बड़े स्तर पर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।











