कोतवाली पुलिस ने दीप अग्रवाल को दबिश देकर पकड़ा, घटना में इस्तेमाल ओप्पो मोबाइल जब्त; तीन अन्य आरोपी अब भी फरार
रायगढ़। दीपावली की रात पटाखे फोड़ने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद युवक के घर में घुसकर मारपीट और जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी दीप अग्रवाल मारपीट में शामिल था और उसने घटना का वीडियो भी बनाया था। पुलिस ने उसके कब्जे से वीडियो बनाने में इस्तेमाल ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले के तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
पटाखे फोड़ने की बात पर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, हण्डी चौक निवासी निमिश अग्रवाल (18 वर्ष) ने 9 नवंबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश का कॉलर पकड़कर हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने कड़े से वार कर दिया। घटना के बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गए।
सुबह घर में घुसकर युवक को पीटा, जबरन कार में बैठाकर ले गए
अगले दिन 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे निमिश अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर पटाखे फोड़ने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान अरुण शर्मा ने अपना जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसे जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास सड़क पर ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई।
मारपीट का वीडियो बनाकर युवक को छोड़ा
पुलिस के मुताबिक, पूरी घटना का वीडियो हनी अग्रवाल ने बनाया था। मारपीट के बाद आरोपी निमिश को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
मोबाइल जब्त, दीप अग्रवाल गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3) और 3(5) में अपराध दर्ज किया था।
विवेचना के दौरान 12 नवंबर को पुलिस ने फरार आरोपी दीप अग्रवाल पिता रविन्द्र अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर गली नंबर 03, कोतरारोड़, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी
मामले के अन्य आरोपी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में मारपीट और गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के सतत पर्यवेक्षण में प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी कोतवाली अजय नागवंशी, निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई कोसो जगत तथा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











