बांस और लकड़ी के डंडे से पीठ, जांघ और हाथ पर किए ताबड़तोड़ वार; जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जशपुर। खेत में बैल चरने की बात को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की डंडे और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी गई। घटना जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बसलंघना की है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए बांस और लकड़ी के दो डंडे भी जब्त किए हैं।
बैल के धान खाने से नाराज था आरोपी
पुलिस के अनुसार, घटना 11 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:15 बजे की है। मृतक एतवा राम (56 वर्ष) अपने बैलों को चराने के लिए घर के नीचे स्थित टंगरागढ़ा खेत की ओर गए थे। इसी दौरान गांव का ही फिटू राम उर्फ धनक राम (52 वर्ष) अपने खेत में बैलों को धान चरते देखकर नाराज हो गया।
आरोप है कि उसने एतवा राम से बैलों को खेत से भगाने के लिए कहा। मृतक करंज के पेड़ के नीचे जमीन पर लेटे हुए थे। आवाज लगाने के बावजूद तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर आरोपी आक्रोशित हो गया और मारपीट शुरू कर दी।
बांस और लकड़ी के डंडे से किया हमला
आरोपी ने पहले पतले बांस के डंडे से एतवा राम की पीठ और जांघ पर कई वार किए। इसके बाद बांस का डंडा फेंककर पास पड़ा मोटा लकड़ी का डंडा उठा लिया और उससे लगातार हमला करने लगा। मृतक ने हाथों से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनके हाथों पर भी कई बार प्रहार किया। इसके साथ ही लात से भी मारपीट की गई।
हमले में एतवा राम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। घटना के दौरान गांव के कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी दोनों डंडों को घटनास्थल के पास झाड़ियों में फेंककर अपने घर चला गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें स्कॉर्पियो वाहन से जिला अस्पताल जशपुर ले गए। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एतवा राम को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन दीपक बघेल की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 374/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी की निशानदेही पर दोनों डंडे जब्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेही फिटू राम उर्फ धनक राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए बांस और लकड़ी के दो डंडे बरामद कर जब्त किए गए।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, सहायक उप निरीक्षक एसन पॉल, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता तथा आरक्षक शोभनाथ सिंह, रवि कुमार, देवानंद और देविंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











