एसडीओपी सतीश भार्गव ने पुलिस बल के साथ किया औचक निरीक्षण, आगंतुकों की एंट्री और नियमित पेट्रोलिंग के दिए निर्देश
रायगढ़। सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में 18 नवंबर को रॉक गार्डन बोतल्दा का औचक निरीक्षण किया गया। एसडीओपी खरसिया श्री सतीश कुमार भार्गव ने थाना खरसिया, चौकी खरसिया और पुलिस लाइन के बल के साथ पूरे परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
आगंतुकों का विवरण प्रवेश रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने गार्डन में तैनात वनकर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आगंतुक का नाम और विवरण प्रवेश रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। शराब अथवा किसी भी संदिग्ध और प्रतिबंधित सामग्री के साथ किसी को भी गार्डन में प्रवेश न दिया जाए। साथ ही परिसर में नियमित पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
एसडीओपी भार्गव ने कहा कि गार्डन में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस अधिकारियों और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कभी भी औचक निरीक्षण किया जा सकता है। इसलिए सभी कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से ड्यूटी करें। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी को पत्राचार किया जाएगा।
दुकानदारों को शराब और नशीली सामग्री नहीं बेचने की हिदायत
एसडीओपी ने गार्डन के प्रवेश द्वार के बाहर संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया। दुकानदारों को शराब अथवा किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। ऐसी गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन का बल भी गार्डन में तैनात रहा और आने-जाने वाले आगंतुकों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। पुलिस का उद्देश्य रॉक गार्डन पहुंचने वाले पर्यटकों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।











