अगले 4 से 5 महीने विकास कार्यों के लिए अहम, वनांचल क्षेत्रों की सड़कों के लिए डीएमएफ से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। जिले में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्वीकृत परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
निर्माण कार्यों के लिए अगले पांच महीने महत्वपूर्ण
कलेक्टर ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति, बजट, टेंडर प्रक्रिया, कार्यादेश और निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त हो चुका है। ऐसे में आगामी 4 से 5 महीने निर्माण कार्यों को गति देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। सभी विभाग इस अवधि का बेहतर उपयोग करते हुए स्वीकृत कार्यों को तेजी से पूरा करें।
उन्होंने विभाग प्रमुखों और इंजीनियरों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने तथा गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
वनांचल क्षेत्रों की सड़कों के लिए डीएमएफ से तैयार होंगे प्रस्ताव
कलेक्टर ने जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन आवश्यक और प्राथमिकता वाले मार्गों का निर्माण विभागीय मद से संभव नहीं हो पा रहा है, उनके प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृति दिलाकर निर्माण कराया जा सके।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत भी जरूरी सड़कों का चिन्हांकन कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हो सकेगी।
डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों की विभागवार समीक्षा
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान डीएमएफ से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्रों में स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं पर जोर
कलेक्टर ने डीएमएफ मद से धान खरीदी केंद्रों में स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि धान बेचने के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण के निर्देश
बैठक में लोक निर्माण विभाग, केलो परियोजना, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, हाउसिंग बोर्ड और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने, कमियों को तत्काल दूर कराने और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ सभी स्वीकृत परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











