चारों विधानसभा क्षेत्रों के चयनित विद्यार्थियों ने निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में लिया हिस्सा, 20 नवंबर को घोषित होंगे परिणाम और वितरित किए जाएंगे प्रशस्ति-पत्र।
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता जागरूकता के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से निर्वाचन साक्षरता क्लब की जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार तीन स्तरीय प्रतियोगिता का अंतिम चरण बुधवार को किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रायगढ़ में संपन्न हुआ।
चार विधानसभा क्षेत्रों से चुने गए 40 प्रतिभागी
जिले के शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों तथा महाविद्यालयों में 2 से 18 नवंबर तक निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इसके बाद लैलूंगा, रायगढ़, खरसिया और धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से उत्कृष्ट विद्यार्थियों का चयन किया गया।
निबंध और प्रश्नोत्तरी में 20-20 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं जिला नोडल अधिकारी तथा सहायक प्राध्यापक रंजना साहू के निर्देशन में दोपहर 12 बजे जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से निबंध प्रतियोगिता के पांच और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के पांच विद्यार्थियों को शामिल किया गया। इस तरह चारों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 40 चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
20 नवंबर को घोषित होंगे विजेताओं के नाम
प्रतियोगिता के जिला स्तरीय परिणाम 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इसी दिन विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र भी वितरित किए जाएंगे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।











