नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ का सोमवार को औपचारिक विमोचन किया गया। इस मौके पर अपने जीवन पर आधारित फिल्म देखते हुए सोनिया गांधी भावुक हो गईं। पुस्तक का लोकार्पण उनके बेटे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनके साथ मिलकर किया।
विपक्ष के कई बड़े नेता समारोह में हुए शामिल
पुस्तक विमोचन समारोह में विपक्षी एकजुटता की तस्वीर भी देखने को मिली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
परिवार को लेकर फैली गलत धारणाओं का जवाब देना चाहती थीं सोनिया
पुस्तक लिखने की वजह बताते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उनके परिवार, सास इंदिरा गांधी, पति राजीव गांधी, राहुल और प्रियंका को लेकर वर्षों से कई तरह की बातें कही जाती रही हैं। इनमें से अधिकांश बातें वास्तविकता से परे हैं। ऐसे में उन्होंने अपने जीवन और परिवार से जुड़े अनुभवों को अपने नजरिये से लोगों के सामने रखने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि इस पुस्तक के जरिए वह उन घटनाओं और अनुभवों को साझा करना चाहती थीं, जिन्हें उन्होंने खुद देखा और महसूस किया है।
पाठकों की तारीफ और आलोचना दोनों से हुईं प्रभावित
सोनिया गांधी ने पुस्तक को मिल रही प्रतिक्रियाओं पर कहा कि पाठकों के प्यार और स्नेह से वह अभिभूत हैं। लोगों ने पुस्तक पढ़कर अपनी राय दी और आलोचनाएं भी कीं। उनके मुताबिक, कुछ आलोचनाएं तीखी जरूर हैं, लेकिन आलोचना जरूरी है और इसे सकारात्मक रूप से स्वीकार करना चाहिए।
इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या के प्रसंग लिखना रहा कठिन
संस्मरण लिखने के अनुभव पर सोनिया गांधी ने बताया कि जीवन के शुरुआती दिनों को याद करना अपेक्षाकृत आसान था। हालांकि, कुछ दर्दनाक घटनाओं को शब्दों में पिरोना बेहद मुश्किल रहा। इनमें उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तथा उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से जुड़े प्रसंग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन घटनाओं के बाद वह गहरे सदमे और पीड़ा से गुजरी थीं। समय के साथ कुछ यादें धुंधली भी पड़ गई थीं। ऐसे में उन घटनाओं को दोबारा याद कर लिखना उनके लिए भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा।
राजीव गांधी से पहली मुलाकात और बच्चों का जन्म सबसे खूबसूरत यादें
सोनिया गांधी ने अपने जीवन के सुखद पलों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी से पहली मुलाकात और राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्म उनके जीवन की सबसे खूबसूरत यादों में शामिल हैं। पुस्तक लिखते समय इन पलों को फिर से याद करना उनके लिए सुखद अनुभव रहा।
गौरतलब है कि ‘Belonging: A Journey of Love’ पुस्तक 10 नवंबर को बाजार में उपलब्ध हो चुकी है। इसमें सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, परिवार, रिश्तों और जीवन के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को अपने अनुभवों के आधार पर प्रस्तुत किया है।











