बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अररिया-सिकटी मार्ग पर ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास हुआ। तेज मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ने से स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए मरिया नदी में जा गिरी। वाहन में सवार सभी सात लोग सुपौल जिले के थुमहा गांव के निवासी थे और तिलक समारोह से लौट रहे थे।
तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के पीपरा क्षेत्र अंतर्गत थुमहा गांव के कुछ लोग सिकटी के भपटिया में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। बुधवार देर रात वापस लौटते समय बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी रेलिंग तोड़कर सीधे नदी में जा गिरी।
ग्रामीणों ने रस्सी और जेसीबी की मदद से निकाली गाड़ी
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नदी में स्कॉर्पियो गिरने के बाद अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही बचाव कार्य शुरू किया। रस्सी की मदद से वाहन को बांधा गया और जेसीबी के सहारे नदी से बाहर निकाला गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को बचा लिया गया। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों में चार नाबालिग, थुमहा गांव में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुंदन यादव (28), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), यश कुमार (16), आर्यन (15) और सौरभ (15) के रूप में हुई है। सभी सुपौल जिले के थुमहा गांव के निवासी थे। मृतकों में चार नाबालिग बताए गए हैं।
एक साथ छह लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस परिवार और गांव में तिलक समारोह की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का मातम पसरा हुआ है।











