लैलूंगा, रायगढ़, खरसिया और धरमजयगढ़ विधानसभा के मतदाताओं को मिलेगी सुविधा, हेल्प डेस्क का नंबर 07762-222290 जारी
रायगढ़। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम कटवाने और व्यक्तिगत विवरण में संशोधन कराने के लिए जिला प्रशासन ने हेल्प डेस्क स्थापित किया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों में 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्तियां स्वीकार की जा रही हैं।
चार विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को मिलेगी सुविधा
विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर कक्ष क्रमांक 19 में हेल्प डेस्क बनाया गया है। इसके माध्यम से विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 15-लैलूंगा, 16-रायगढ़, 18-खरसिया और 19-धरमजयगढ़ के मतदाता मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम विलोपित कराने, स्थानांतरण तथा नाम-पते सहित अन्य प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
हेल्प डेस्क का नंबर 07762-222290 जारी
जिला प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क का दूरभाष नंबर 07762-222290 जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से प्रवासी, कमजोर एवं वंचित वर्ग के नागरिकों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है।
4 जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपनी और परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की जांच कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि या बदलाव की आवश्यकता होने पर 11 दिसंबर तक संबंधित दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।











