रायपुर समेत कई इलाकों में रुक-रुककर हो रही बारिश, तापमान में आई गिरावट; किसानों को धान की फसल सुरक्षित रखने और मंडी ले जाने से फिलहाल बचने की सलाह
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार ताकतवर होता जा रहा है। इसका असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बीती रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश और बादलों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची तूफान की रफ्तार
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ बुधवार को और शक्तिशाली हो गया। इसकी अधिकतम रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। गुरुवार सुबह तक तूफान गोपालपुर से लगभग 530 किलोमीटर, पुरी से 590 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के कलिंगपत्तनम से 440 किलोमीटर दूर केंद्रित था। यह करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी दिशा में गोपालपुर की ओर बढ़ रहा था।
कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव सहित कई जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है।
विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर खड़े होने तथा पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से बचने की अपील की गई है।
सुकमा में 21 और 22 नवंबर को भारी बारिश की आशंका
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र रायपुर और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा ने सुकमा जिले के लिए विशेष मौसम पूर्वानुमान एवं कृषि सलाह जारी की है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 से 22 नवंबर 2026 के दौरान जिले में 75 से 100 प्रतिशत तक बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, 21 और 22 नवंबर को भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हवा में नमी 50 से 95 प्रतिशत तक रहने तथा उत्तर एवं उत्तर-पूर्व दिशा से 2 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
किसानों को धान की फसल सुरक्षित रखने की सलाह
संभावित भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। किसानों से कहा गया है कि कटाई की अवस्था में पहुंच चुकी धान की फसल की जल्द कटाई कर उसे सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखें। कटी हुई उपज को खुले खेतों में छोड़ने से बचें, ताकि बारिश से नुकसान न हो।
मंडी में धान ले जाने और नई फसलों की बुवाई टालने की अपील
तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को फिलहाल धान मंडी ले जाने की यात्रा स्थगित रखने की सलाह दी गई है। मौसम और परिवहन व्यवस्था सामान्य होने के बाद ही उपज मंडी पहुंचाने को कहा गया है।











