Android बीटा यूजर्स के लिए शुरू हुई टेस्टिंग, एनिमेटेड स्टिकर का भी मिलेगा विकल्प; एक मैसेज पर लगा सकेंगे अधिकतम 20 स्टिकर रिएक्शन
नई दिल्ली। इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स के चैटिंग अनुभव को और मजेदार बनाने के लिए नए फीचर पर काम कर रहा है। अब तक यूजर्स किसी मैसेज पर प्रतिक्रिया देने के लिए इमोजी का इस्तेमाल करते थे, लेकिन जल्द ही उन्हें अपनी पसंद के स्टिकर से रिएक्शन देने की सुविधा भी मिल सकती है। इस फीचर की मदद से साधारण स्टिकर के साथ एनिमेटेड स्टिकर का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
Sticker Reaction फीचर की टेस्टिंग शुरू
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp इस नए फीचर की टेस्टिंग कुछ Android Beta यूजर्स के लिए कर रहा है। यह फीचर Android Beta वर्जन 2.26.46.5 में देखा गया है। इसके आने के बाद यूजर्स किसी भी चैट मैसेज पर सीधे अपनी पसंद का स्टिकर लगाकर प्रतिक्रिया दे सकेंगे।
मैसेज मेन्यू में मिलेगा नया शॉर्टकट
नए फीचर के तहत किसी मैसेज पर टैप करने के बाद खुलने वाले मेन्यू में Sticker Reaction का विकल्प दिखाई देगा। इस पर क्लिक करते ही स्टिकर कीबोर्ड खुल जाएगा। यहां से यूजर्स अपने पसंदीदा स्टिकर पैक में जाकर मनचाहा स्टिकर चुन सकेंगे और उसे संबंधित मैसेज पर रिएक्शन के रूप में लगा सकेंगे।
एनिमेटेड स्टिकर से भी दे सकेंगे प्रतिक्रिया
इस फीचर की खासियत यह है कि यूजर्स केवल सामान्य स्टिकर तक सीमित नहीं रहेंगे। वे एनिमेटेड स्टिकर का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। स्टिकर रिएक्शन संबंधित मैसेज के नीचे दिखाई देगा, जिसे उस चैट में शामिल दूसरे यूजर्स भी देख पाएंगे।
एक मैसेज पर 20 स्टिकर रिएक्शन की सुविधा
रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp के इस फीचर में एक ही मैसेज पर अधिकतम 20 स्टिकर रिएक्शन देने की सुविधा मिल सकती है। यूजर्स अलग-अलग स्टिकर के साथ एक ही स्टिकर का बार-बार भी इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, 20 स्टिकर रिएक्शन की सीमा पूरी होने के बाद उस मैसेज पर नया स्टिकर नहीं जोड़ा जा सकेगा।











