शौर्य दिवस समारोह में राज्यपाल ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित, युवाओं से वीर जवानों के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका शुक्रवार को रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शामिल हुए। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित कर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
शहीद परिवारों का सम्मान राष्ट्र के प्रति नैतिक जिम्मेदारी
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए वीर जवानों का त्याग एवं समर्पण हमेशा स्मरणीय रहेगा। एक सैनिक का बलिदान केवल उसका व्यक्तिगत बलिदान नहीं होता, बल्कि उसका पूरा परिवार भी राष्ट्र के लिए त्याग करता है। शहीद परिवारों का सम्मान महज औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।
युवाओं से राष्ट्रसेवा के आदर्श अपनाने का आह्वान
राज्यपाल ने कहा कि शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उनके सुख-दुख में सहभागी बनना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। अनेक जवानों ने देश और प्रदेश की शांति एवं सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन ही सच्ची देशभक्ति
राज्यपाल ने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना और राष्ट्र के विकास में योगदान देना भी सच्ची देशभक्ति है।
उन्होंने सभी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट को इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने नागरिकों से शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।
सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को मिली प्रोत्साहन राशि
समारोह में राज्यपाल ने भारतीय सेना में शामिल होने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इनमें सैनिक स्कूल में अध्ययनरत अंकित पटेल, तोयम पटेल, स्तव्य साहू, जयेश सिदार और सृष्टि राठिया शामिल रहे। इसके अलावा कक्षा 9वीं के नवनीत मेहर, भुवनेश पटेल और अर्नव गुप्ता को भी प्रोत्साहन राशि दी गई।
इसी क्रम में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी, चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि और भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के आर. बालाजी को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर. शंकर, कमांडेंट अजय सिंह बिसेन, सुभाष त्रिपाठी, आशा त्रिपाठी, राहुल शुक्ला, राजेश पटनायक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











