यात्रियों की बढ़ी परेशानी, इंडिगो और अकासा एयर ने भी जारी की एडवाइजरी; एयरपोर्ट पहुंचने से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह
माइक्रोसॉफ्ट में आई तकनीकी खराबी का असर भारत की हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट ने दिल्ली से संचालित होने वाली तीन उड़ानें रद्द कर दीं। वहीं, अन्य एयरलाइनों ने फिलहाल अपनी सेवाओं पर किसी बड़े असर से इनकार किया है, लेकिन यात्रियों को उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
स्पाइसजेट की तीन उड़ानें रद्द
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के चलते स्पाइसजेट ने दिल्ली से पुणे, लेह और मुंबई जाने वाली तीन उड़ानें रद्द कर दीं। इसके अलावा दिल्ली से दरभंगा और दिल्ली से मुंबई जाने वाली दो अन्य उड़ानों में भी देरी हुई।
एअर इंडिया की सेवाओं पर असर नहीं
एअर इंडिया ने बताया कि वह माइक्रोसॉफ्ट आउटेज की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। फिलहाल उसकी उड़ान सेवाएं और संचार व्यवस्था सामान्य रूप से काम कर रही हैं।
कंपनी ने यात्रियों को ईमेल मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे रास्ते पर रीडायरेक्ट किया है। एयरलाइन के मुताबिक, वह निर्धारित 24 घंटे की समय-सीमा के भीतर ईमेल का जवाब दे रही है।
इंडिगो और अकासा एयर ने जारी की एडवाइजरी
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज को देखते हुए इंडिगो और अकासा एयर ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दोनों एयरलाइनों ने यात्रियों को उड़ानों से संबंधित अपडेट पर नजर रखने और यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह दी है।
दिल्ली एयरपोर्ट ने भी यात्रियों को किया अलर्ट
दिल्ली हवाई अड्डे ने भी एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है, ताकि तकनीकी व्यवधान के कारण होने वाली असुविधा से बचा जा सके।











