जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग व निर्यात पर बनी सहमति की संभावनाएं
बार्सिलोना में अंतरराष्ट्रीय संस्था से चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल और विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की पहल तेज हो गई है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में अंतरराष्ट्रीय संस्था फिरा बार्सिलोना के अधिकारियों के साथ व्यावसायिक चर्चा की। बैठक में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक चावलों की वैश्विक ब्रांडिंग, निर्यात और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
चार पारंपरिक चावल बने चर्चा का केंद्र
बैठक में जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे विशिष्ट पारंपरिक चावलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने पर विशेष जोर दिया गया। इन उत्पादों की वैश्विक पहचान विकसित करने, विदेशी बाजारों में मांग बढ़ाने और निर्यात की संभावनाओं को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा हुई।
फिरा बार्सिलोना के सीईओ से हुई व्यावसायिक चर्चा
बार्सिलोना में आयोजित बैठक में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने फिरा बार्सिलोना के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। प्रतिनिधिमंडल में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और कृषि संचालक राहुल देव शामिल रहे। इस अवसर पर भारत की काउंसिल जनरल आर्स निसार भी उपस्थित थीं।
अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में उत्पादों को मिलेगा मंच
बैठक में छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक प्रदर्शनियों में प्रदर्शित करने, विदेशी खरीदारों से संपर्क बढ़ाने और निर्यात के नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई। फिरा बार्सिलोना के सीईओ ने छत्तीसगढ़ सरकार के साथ समन्वय कर प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक आयोजनों में प्रचारित करने में सहयोग का भरोसा दिलाया।











