मेट्टागुड़म कैंप में आधी रात हुई घटना, 131वीं वाहिनी में पदस्थ थे उपनिरीक्षक देवानंद यादव; मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक उपनिरीक्षक की मौत का मामला सामने आया है। मेट्टागुड़म कैंप में पदस्थ उपनिरीक्षक देवानंद यादव ने कथित तौर पर अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए इल्मागुड़ा कैंप ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
आधी रात 12 से 12:30 बजे के बीच हुई घटना
पुलिस अधीक्षक कार्यालय सुकमा से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि लगभग 12 बजे से 12:30 बजे के बीच मेट्टागुड़म कैंप में यह घटना हुई। यहां 131वीं वाहिनी सीआरपीएफ में पदस्थ उपनिरीक्षक देवानंद यादव ने अज्ञात कारणों से अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली।
घटना के बाद कैंप में मौजूद साथी जवानों और अधिकारियों ने उन्हें फील्ड एंबुलेंस की मदद से तत्काल इल्मागुड़ा कैंप पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी थे देवानंद यादव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक देवानंद यादव उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी थे। उनके पिता का नाम रामानंद यादव है। वे ग्राम करजहा, थाना बरहज के रहने वाले थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद गृह ग्राम भेजा गया पार्थिव शरीर
पुलिस के अनुसार, पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उपनिरीक्षक का पार्थिव शरीर ससम्मान उनके गृह ग्राम रवाना कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उपनिरीक्षक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।











