रायगढ़ के बापूनगर ए आंगनबाड़ी केंद्र में रिक्त पद के लिए दोबारा मंगाए गए आवेदन, संबंधित वार्ड की पात्र महिला अभ्यर्थी ही कर सकेंगी आवेदन
रायगढ़, 14 अक्टूबर 2026। एकीकृत बाल विकास परियोजना रायगढ़ (शहरी) के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बापूनगर ए, वार्ड क्रमांक 05 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में भर्ती के लिए इच्छुक पात्र महिला अभ्यर्थी 21 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
पहले आवेदन करने वाली अभ्यर्थी मिली थी अपात्र
विभाग के अनुसार, इससे पहले भी उक्त पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। उस दौरान केवल एक आवेदन प्राप्त हुआ था, लेकिन आवेदिका संबंधित वार्ड की निवासी नहीं होने के कारण अपात्र घोषित कर दी गई। इसके बाद रिक्त पद पर नियुक्ति के लिए पुनः आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस पोर्टल पर करना होगा आवेदन
इच्छुक पात्र महिला अभ्यर्थी महिला एवं बाल विकास विभाग के ऑनलाइन पोर्टल aww.e-bharti.in के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
नियुक्ति से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता और नियम-शर्तों की जानकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय के सूचना पटल पर देखी जा सकती है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले निर्धारित शर्तों की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।











