टीबी, कुष्ठ, बीपी, शुगर और आंखों की हुई जांच; परिवार नियोजन और 14 वर्ष की बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण के प्रति किया गया जागरूक
रायगढ़, 15 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत सतनाम भवन, कांशीराम चौक रायगढ़ में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं सास-बहू सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में कुल 110 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 69 महिलाएं और 41 पुरुष शामिल रहे।
शिविर में पंजीयन के बाद लोगों को चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही रक्तचाप, ब्लड शुगर, आंखों, टीबी और कुष्ठ रोग की जांच की गई। जरूरत के अनुसार निःशुल्क एक्स-रे की सुविधा भी दी गई।
टीबी के 45 और कुष्ठ रोग के 30 संदिग्ध मामलों की हुई जांच
स्वास्थ्य शिविर के दौरान 45 लोगों की टीबी जांच, 25 लोगों का एक्स-रे, 30 लोगों की कुष्ठ रोग जांच और 14 लोगों की नेत्र जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न बीमारियों के लक्षण, समय पर जांच कराने, उपचार लेने और जरूरी सावधानियां बरतने की जानकारी दी।
लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में भी बताया गया, ताकि समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर उचित उपचार लिया जा सके।
सास-बहू सम्मेलन में परिवार नियोजन पर दिया संदेश
स्वास्थ्य शिविर के साथ आयोजित सास-बहू सम्मेलन में कहानी, नाटक और व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी घटनाओं के माध्यम से परिवार नियोजन का संदेश दिया गया। महिलाओं को परिवार नियोजन के महत्व, परिवार के सदस्यों के बीच बेहतर संवाद और स्वास्थ्य संबंधी निर्णयों में एक-दूसरे का सहयोग करने के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य परिवारों में सकारात्मक सोच विकसित करना तथा मातृ स्वास्थ्य और परिवार के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
एचपीवी टीकाकरण के महत्व की भी दी जानकारी
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अमरनाथ रात्रे, डॉ. जया चौधरी, डॉ. सोनाली मेश्राम और शहरी कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों को टीबी, कुष्ठ रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और आंखों से संबंधित बीमारियों की जांच एवं बचाव के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग और मितानिनों का रहा सहयोग
शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सा अधिकारी डॉ. अन्नू पटेल, डॉ. प्रदीप पटेल, डॉ. सोनाली मेश्राम, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का योगदान रहा। एसी, एमटी और मितानिनों की उपस्थिति के साथ क्षेत्रीय मितानिनों ने भी सहयोग किया। सामूहिक प्रयासों से शिविर में पहुंचे लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।











